टीवी चैनल एमटीवी के प्रचलित रियलिटी शो ‘रोडीज’ के नए सीजन की शूटिंग उत्तराखंड में होगी। प्रदेश सरकार से शो के निर्माताओं को शूटिंग की अनुमति मिल गई है। उपनिदेशक सूचना और नोडल अधिकारी फिल्म विकास परिषद केएस चौहान ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि युवाओं के बीच बेहद लोकप्रिय इस शो की प्रदेश में शूटिंग होने से साहसिक पर्यटन को प्रचार मिलेगा।
रियलिटी शो में देशभर के 16 प्रतिभागी शामिल होंगे। 20 फरवरी से नौ मार्च तक रोडीज के 18वें सीजन की शूटिंग का कार्यक्रम प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में है। चौहान ने बताया कि इस टीवी शो की शूटिंग में अभिनेत्री नेहा धूपिया, अभिनेता रणविजय एवं रफ्तार शामिल हैं।
इस शो के माध्यम से उत्तराखंड राज्य के प्रमुख स्थानों को दिखाया जाएगा। प्रथम चरण में शो की शूटिंग राजाजी पार्क, ऋषिकेश, विकासनगर आदि स्थानों पर होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की आकर्षक फिल्म नीति तथा शूटिंग के लिए सकारात्मक माहौल होने के कारण जाने माने टीवी शो, वेब सीरीज और फिल्मों की शूटिंग राज्य में हो रही है।