राजकीय दून मेडिकल कालेज अस्पताल में 16 दिसंबर तक एमआरआई मशीन पहुंच जाएगी। इसके कुछ दिन बाद मशीन इंस्टॉल होने पर एमआरआई जांच शुरू कर दी जाएगी।
रविवार दोपहर दून मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना ने पुराने भवन में स्थित एमआरआई विंग में चल रहे निर्माण कार्य का जायजा लिया। एमआरआई प्रभारी महेंद्र भंडारी से उन्होंने इस बारे में जानकारी ली। उल्लेखनीय है कि अस्पताल में एमआरआई जांच करीब दो साल से ठप है। अस्पताल प्रशासन ने नई मशीन आने तक ठेके पर किसी निजी लैब से एमआरआइ कराए जाने की भी पहल की थी, पर दरें कम होने के कारण किसी ने भी इसमें दिलचस्पी नहीं दिखाई। अस्पताल में एमआरआई की सुविधा न होने के कारण मरीजों को खासी दिक्कत झेलनी पड़ रही थी। निजी अस्पतालों या डायग्नोस्टिक केंद्रों में एमआरआई आठ हजार से 12 हजार रुपए तक में होती है। जबकि दून अस्पताल में साढ़े तीन हजार रुपए में होती है। अस्पताल में रोजाना लगभग 25 मरीजों की एमआरआई जांच की जाती थी। प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना ने बताया कि मशीन 16 दिसंबर तक पहुंच जाएगी। कुछ वक्त इसे इंस्टाल होने में लगेगा। नए साल से जांच शुरू कर दी जाएगी। मशीन का उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री डा. धन सिंह रावत करेंगे।