भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं सांसद डी राजा ने केंद्र की मोदी सरकार की आर्थिक और विदेश नीति पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि आरएसएस और भाजपा देश को फासीवाद की ओर ले जा रही है।
उन्होंने कहा कि जो सरकार से सहमत नहीं है उसे राष्ट्रद्रोही कहा जा रहा है। दोकलम में भारत और चीन के बीच तनाव पर चिंता व्यक्त करते हुए सांसद डी राजा ने कहा कि बॉर्डर पर जो समस्या है उसका समाधान युद्ध नहीं बातचीत से होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि इसका आधार 1993 का एग्रीमेंट हो सकता है। भारत एक जिम्मेदार देश है और उसमें बातचीत से समस्या हल करने की क्षमता है। उन्होंने पाकिस्तान के साथ ही बातचीत करने पर जोर दिया।
मध्य हरिद्वार स्थित एक होटल में अखिल भारतीय शांति और एकजुटता परिषद की उत्तराखंड इकाई की ओर से हिरोशिमा दिवस पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में बतौर मुख्य अतिथि बोलते हुए सांसद डी राजा ने मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि मोदी ने मेक इन इंडिया को अमेरिका के लिए मार्केट इंडिया बना दिया है। देश के रक्षा उपकरण बनाने वाली आर्डिनेंस फैक्ट्रियों का निजीकरण कर देश की सुरक्षा को खतरे में डाला जा रहा है।