पहाड़ी राज्यों के लिए भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अलग से पूर्वानुमान शुरू किया है। माउंटेन बुलेटिन नाम से विभागीय वेबसाइट पर शुरू हुए इस विंडो में न केवल आने वाले सात दिन के तापमान, बल्कि बारिश, बर्फबारी का भी ब्योरा पेश किया जा रहा है। जिन राज्यों को इसमें शामिल किया गया है, उनमें उत्तराखंड के साथ ही हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर खास तौर पर शामिल हैं।
इस नए विंडो से पर्यटकों, आपदा कार्य में लगे विशेषज्ञों के साथ ही शोध छात्रों को भी मदद मिलेगी। आईएमडी की वेबसाइट www.imd.gov.in पर सेटेलाइट चित्रों के जरिए दिया जा रहा इन तीनों राज्यों के मौसम का ताजा हाल लॉग इन कर जाना जा सकता है। ट्रायल बेसिस पर इस विंडो को हर तीन घंटे में अपडेट किया जा रहा है।
...लेकिन जमीनी हालात अलग
आईएमडी बेशक वेबसाइट को लगातार सुधाकर नई-नई सुविधा उससे जोड़ रहा है, लेकिन जमीन पर हाल कोई बेहतर नहीं। उत्तराखंड में मौसम विभाग की दून, पंतनगर, टिहरी और मुक्तेश्वर में आब्जरवेटरी हैं। अन्य स्थानों पर इनका खुलना बाकी है। आलम यह है कि अगर चकराता या अन्य किसी पहाड़ी क्षेत्र से बर्फबारी का हाल पता करना हो तो उसके लिए तहसील के रिकार्ड पर निर्भर रहना पड़ता है।