ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर नियमों को ताक पर रखकर ऑल वेदर रोड का निर्माण किया जा रहा है। लापरवाही का आलम यह है कि मजदूरों की सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं हैं। कार्यदायी संस्था की लापरवाही से बदरीनाथ और हेमकुंड जाने वाले यात्रियों के साथ-साथ स्थानीय मुसाफिरों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इन दिनों बदरीनाथ हाईवे पर कालेश्वर से आगे चमोली की ओर ऑलवेदर रोड निर्माण का कार्य किया जा रहा है। लेकिन रोड पर काम करने वाली संस्था द्वारा मजदूरों व यात्रियों की सुविधा का कोई ध्यान नहीं रखा जा रहा है।
पिछले एक सप्ताह से हाईवे पर रोजाना तीन से चार घंटे का जाम लग रहा है। लंगासू के सामाजिक कार्यकर्ता कैलाश खंडूड़ी ने कहा कि कार्यदायी संस्था लापरवाही से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं कर्णप्रयाग के नायब तहसीलदार मानवेंद्र सिंह बर्तवाल ने कहा कि मामले की जांच की जायेगी अगर कार्यदायी संस्था की लापरवाही सामने आयेगी तो मामले में कार्रवाई की जायेगी।