आईआईटी रुड़की ने सड़क परिवहन एवं उच्च मार्ग मंत्रालय, भारत सरकार और भारतीय सड़क कांग्रेस (आईआरएस) नई दिल्ली के साथ सहमति करार पर हस्ताक्षर किए हैं। करार के तहत आपसी हित के क्षेत्रों में सहयोग करने की सहमति दी गई है। इसमें बौद्धिक सहयोग, ज्ञान के आदान-प्रदान और साझेदारी के विकास पर जोर दिया जाएगा।
नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान आईआरसी के महासचिव एसके निर्मल, सड़क परिवहन एवं उच्च मार्ग मंत्रालय, भारत सरकार एवं भारतीय सड़क कांग्रेस के डीजी एवं विशेष सचिव आईके पांडे और आईआईटी रुड़की के उप निदेशक प्रो. एम परीदा ने सहमति करार पर हस्ताक्षर किए। इसके तहत यातायात एवं परिवहन इंजीनियरिंग एवं सड़क सुरक्षा के मद्देनजर 15 दिन के कोर्स शुरू होंगे।
इसमें हाईवे इंजीनियरों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस संबंध में आईआईटी रुड़की के उपनिदेशक प्रो. एम परीदा ने बताया इस सहमति करार का उद्देश्य सड़क सुरक्षा ऑडिट पूल तैयार करना है जो उच्च मार्गों एवं अन्य सड़कों पर सुरक्षा की चुनौतियां समझने और उचित उपाय देने में सहायक हो और पूरे देश में सड़क यातायात की सुरक्षा बेहतर बनाने में योगदान दें।