शराब पीने पर मां ने डांटा तो बेटे ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह तीन बहनों का अकेला भाई था। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। भाई की मौत के बाद से बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार को सांत्वना देने के लिए घर में आसपास के लोगों का तांता लगा हुआ है।
मामला रायपुर थाना क्षेत्र के बालावाला का है। जानकारी के मुताबिक प्रियंक पंवार पुत्र महाराज पंवार निवासी भरतू चौक, बालावाला एक टेलीकॉम कंपनी में बतौर सेल्स एग्जिक्यूटिव काम करता था। वह अक्सर देरी से घर आता था। बुधवार रात को भी वह देरी से घर आया। पुलिस के मुताबिक रात में उसने शराब पी हुई थी। इसी बात पर मां ने प्रियंक को डांट दिया। इसके बाद वह अपने कमरे में चला गया और मां व अन्य परिजन भी सोने चले गए।
सुबह जब मां उठी तो देखा कि प्रियंक कमरे से बाहर नहीं आया है। उन्होंने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई। इस पर उन्होंने खिड़की से झांकर देखा तो प्रियंक फंदे पर लटक हुआ था। यह देख प्रियंक की मां चिल्लाने लगी। शोर सुन वहां पहुंचे प्रियंक के पिता व पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़ा और उसे नीचे उतारा। लेकिन, तब उसकी मौत हो चुकी थी।
बालावाला चौकी प्रभारी किशन देवरानी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। देवरानी ने बताया कि रात में मां और बेटे के बीच शराब पीने को लेकर हुआ था।