राजधानी देहरादून में दर्दनाक हादसे में तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से महिला और डेढ़ साल के उसके बच्चे की मौत हो गई। जबकि पति हादसे में घायल हो गया।
परिवार बाइक से बच्चे की दवाई लेकर घर लौट रहा था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को दून अस्पताल के मोर्चरी में रखवा दिया। हादसे की सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। उधर, चालक ट्रक छोड़ कर भाग गया।
बेटे की तबियत थी खराब
धर्मपुर निवासी बबलू पुत्र शिवनाथ मूल निवासी बूढ़ाकेदार दून में पटेलनगर स्थित होटल वॉयसराय इन में जॉब करता है। पिछले कुछ दिनों से उसके डेढ़ साल के बेटे अंश की तबियत खराब चल रही थी।
गुरुवार को उसने ड्यूटी से कुछ देर की छुट्टी ली और पत्नी के साथ अंश को अस्पताल दिखाने ले गया। वहां से लौटते वक्त घंटाघर से दवाई ली और सुभाष रोड होते हुए बाइक से घर जाने लगे।
एलपीजी सिलेंडर से भरा था ट्रक
गुरुनानक वैडिंग प्वाइंट से लगभग पचास मीटर की दूरी आगे बढ़ते ही उनकी बाइक को पीछे से एलपीजी गैस के सिलेंडरों से लदे ट्रक ने टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही बाइक पर पीछे बैठी पत्नी सुनीता और उसके गोदी से अंश नीचे सड़क पर गिर गए। जबकि बबलू दूसरी दिशा की तरफ छिटक गया। इसी दौरान सुनीता (23) और अंश ट्रक के पिछले टायर के चपेट में आ गए।
चालक फरार
हादसा होते ही चालक ने ट्रक की रफ्तार बढ़ा दी। सीएमआई चौक पर चालक ट्रक खड़ाकर भाग गया। लहूलुहान हालत में छटपटाते हुए कुछ ही देर में मां और बेटे की मौत हो गई।
पुलिस ने शवों को भेजा अस्पताल
सूचना पर एसपी ट्रैफिक प्रदीप कुमार राय, सीओ मसूरी जया बलोनी, सीओ सदर स्वतंत्र कुमार, इंस्पेक्टर डालनवाला चंदन सिंह बिष्ट मय फोर्स मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को दून अस्पताल पहुंचाया।
कुछ ही देर में मृतकों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। इंस्पेक्टर डालनवाला बिष्ट ने बताया चालक की तलाश की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक बहुत ही तेज रफ्तार से ट्रक को दौड़ा रहा था।