देहरादून में एक अफसर के किचन में देश का सबसे जहरीला सांप निकला तो उनके होश उड़ गए। पौड़ी के एडीएम रामजी शरण शर्मा के देहरादून लाडपुर रिंग रोड स्थित आवास में सांप निकल आया।
वन विभाग की टीम ने एक घंटे की मशक्कत के बाद उस पर काबू पाया। नौ फिट लंबे इस सांप को पकड़कर राजाजी राष्ट्रीय पार्क टाइगर रिजर्व में छोड़ दिया गया है। सांप को पकड़ने गए टीम लीडर रवि जोशी के मुताबिक विभाग को सुबह साढ़े चार बजे इसकी सूचना मिली। सूचना पाकर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
टीम को बताया गया कि एडीएम का पुत्र सुबह चाय बनाने के लिए रसोई में गया तो उन्हें वहां सांप दिखाई दिया। टीम ने रसोई में उसे ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं मिला। इस पर रसोई में फिनायल का स्प्रे किया गया।
सांप अखबार की रद्दी के नीचे छिपा था। लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद उसे पकड़ लिया गया। टीम लीटर रवि जोशी के मुताबिक सांप कॉमन क्रेट है। जो अत्यधिक जहरीले सांपों में से है। सांप पकड़ने वाली टीम में नितिन क्षेत्री, वीर सिंह क्षेत्री, अमित भट्ट भी शामिल रहे।