सभी शिक्षण संस्थानों में धूमधाम से मना संविधान दिवस
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। प्रदेश के सभी राजकीय व निजी शिक्षण संस्थानों में संविधान दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालयी शिक्षा, उच्च शिक्षा, संस्कृत शिक्षा, चिकित्सा शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा के 20 लाख से अधिक छात्रों ने एक स्वर में वन्दे मातरम का गायन किया, जो कि एक ऐतिहासिक क्षण था। इस अवसर पर अभिभावक, शिक्षक, महानुभाव, स्थानीय जनप्रतिनिधि सहित अधिकारी व कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
वन्दे मातरम सामूहिक गायन कार्यक्रम में राज्य संयोजक एवं माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. मुकुल कुमार सती ने बताया कि प्रदेशभर के सभी शिक्षण संस्थानों में सुबह साढ़े नौ बजे एक साथ-एक स्वर में 2012652 छात्र-छात्राओं, शिक्षकों व अधिकारी-कर्मचारियों ने वन्दे मातरम का सामूहिक गायन किया। जिसमें विद्यालयी शिक्षा विभाग के तहत देहरादून जिले में 375658 छात्र-छात्राओं व शिक्षकों ने राष्ट्र गीत गाया। इसके अलावा पौड़ी में 97751, टिहरी 99442, हरिद्वार 413015, चमोली 65454, उत्तरकाशी 60299, रुद्रप्रयाग में 41134, नैनीताल 194979, अल्मोड़ा 84883, पिथौरागढ़ 76053, ऊधमसिंह नगर 361411, चंपावत 44858 और बागेश्वर में 41542 छात्र-छात्राओं ने वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया। इसके अलावा चिकित्सा शिक्षा विभाग से संबंधित शिक्षण संस्थानों में 19790, तकनीकी शिक्षा में 50, संस्कृत शिक्षा में 4644 एवं उच्च शिक्षा में 31689 छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, प्रशिक्षकों, कार्मिकों एवं आमजन ने वंदे मातरम का सामूहिक गायन किया।
-
वन्दे मातरम स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान सभी भारतीयों को एक सूत्र में पिरोने वाला प्रेरक गीत रहा है। संविधान दिवस पर प्रदेशभर के शिक्षण संस्थानों में इस गीत के सामूहिक गायन से हमारे युवाओं में राष्ट्रभक्ति, एकता और संवैधानिक आदर्शों के प्रति नई चेतना का संचार हुआ।- डॉ. धन सिंह रावत, शिक्षा मंत्री