उत्तराखंड में मानसून अगले 72 घंटों में दस्तक दे सकता है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश न होने कारण मानसून की रफ्तार बेहद धीमी हो गई है। इसके चलते मानसून को बिहार से आगे बढ़ने में दिक्कत हो रही है।
अब बारिश का सिस्टम बनने के बाद अगले कुछ घंटों में यह उत्तराखंड की ओर बढ़ सकता है। प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से बारिश का दौर लगातार जारी है। बृहस्पतिवार को भी राजधानी दून समेत प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश होती रही।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान जौलीग्रांट में 170, रुड़की में 130, देहरादून में 110, मसूरी और धारचूला में 70 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
48 घंटे खतरे से खाली नहीं
वहीं, श्रीनगर गढ़वाल, हरिद्वार, जखोली, काशीपुर व गैरसैण में 60, नई टिहरी, पौड़ी, उखीमठ में 50, बड़कोट, चमोली, रुद्रप्रयाग में 40, जसपुर, उत्तरकाशी, पुरोला, कीर्तिनगर, हल्द्वानी, देवप्रयाग, चौखुटिया और जोशीमठ में 30 मिमी से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम केंद्र निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि एक जून से शुरू हुए मानसून सीजन के दौरान राजधानी देहरादून में अब तक 437 मिमी से अधिक बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है। अगले 48 घंटों के दौरान प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में भारी बारिश होने का अनुमान है। अगले 48 से 72 घंटों में मानसून प्रदेश में दस्तक दे सकता है।
तापमान-
अधिकतम-26.2
न्यूनतम-22.5
सूर्योदय- सुबह 5.19 बजे
सूर्यास्त- शाम 7.24 बजे