गढ़वाल के तीन जिलों में चेकिंग के दौरान पुलिस ने वाहनों से 58.41 हजार की धनराशि बरामद की है। तीनों मामलों में संबंधित लोग धनराशि से संबंधित किसी भी प्रकार के दस्तावेज चेकिंग टीम को उपलब्ध नहीं करा पाए। जब्त की गई धनराशि कोषागार में जमा करा दी गई है।
रुद्रप्रयाग जिले में नगरासू में चेकिंग के दौरान एक कार से 45 लाख रुपये की नगदी बरामद की गई है। पुलिस उपाधीक्षक श्रीधर प्रसाद बडोला ने बताया कि पूछताछ में तीनों लोगों ने स्वयं को पंजाब नेशनल बैंक का कर्मचारी बताते हुए धनराशि हरिद्वार से पीपलकोटी में खुली नई शाखा तक पहुंचाने की बात कही है, लेकिन इन कर्मियों के पास जरूरी दस्तावेज और सुरक्षा इंतजाम नहीं होने से धनराशि जब्त कर ली गई है।
चमोली जिले में नंदप्रयाग बैरियर पर चेकिंग में दो अलग-अलग वाहनों से 10 लाख 13 हजार की नकदी बरामद की गई है। पुलिस की निगरानी टीम के प्रभारी अनिल कुमार मलेठा ने बताया कि एक वाहन से 7 लाख 90 हजार और दूसरे वाहन से 2 लाख 23 हजार की नकदी पकड़ी गई है।
टिहरी जिले में एक वाहन से तीन लाख 28 हजार रुपये बरामद हुए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एनएस नपलच्याल ने बताया कि मंगलवार दोपहर बाद पौने तीन बजे निर्वाचन उड़नदस्ता टीम और थाना पुलिस ने नई टिहरी की ओर आ रही कार को रोका तो चालक घबरा गया। कार की तलाशी लेने पर तीन लाख 28 हजार रुपये बरामद किए गए।
राशि के संबंध में चालक भागवत पुत्र पूरन निवासी नई टिहरी कुछ नहीं बता पाया। उड़नदस्ता टीम के प्रभारी डीपीआर राठौर, थानाध्यक्ष सुंदरम शर्मा ने बताया कि वाहन को कब्जे में लेने के साथ ही चालक को हिरासत में लिया गया है। बताया जा रहा है कि यह धनराशि चंबा अंग्रेजी शराब के ठेके की है, लेकिन इसके पुख्ता प्रमाण नहीं मिल पाए हैं।