केंद्र की मोदी सरकार 2.0 का एक साल कार्यकाल पूरा होने पर पूरे जून महीने में भाजपा के कार्यक्रमों की धूम रहेगी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने महीने भर में होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की घोषणा की है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को कार्यक्रमों के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने और मास्क पहनने के निर्देश दिए हैं।
पार्टी के प्रदेश महामंत्री व अभियान के प्रभारी राजेंद्र भंडारी के मुताबिक, केंद्र सरकार की उपलब्धियों और विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं को मीडिया के माध्यम से जनमानस तक पहुंचाया जाएगा। इसके लिए विभिन्न स्थानों पर पत्रकार वार्ता आयोजित की जा रही हैं।
मंगलवार को इसकी शुरुआत शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे ने पिथौरागढ़ और उच्च शिक्षा मंत्री राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ. धन सिंह रावत ने गोपेश्वर से कर चुके हैं। पांच जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर पार्टी कार्यकर्ता विभिन्न स्थानों पर वृक्षारोपण करेंगे। नौ व 10 जून को विभिन्न स्थानों पर वर्चुअल रैली कर लोगों से संवाद कायम किया जाएगा।
11 से 17 जून तक प्रत्येक बूथ पर परिवार संपर्क अभियान चलेगा। प्रत्येक कार्यकर्ता अपने बूथ पर घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करेगा। 18 से 23 जून तक पार्टी के सभी मोर्चों के कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में फेस कवर व सैनिटाइजर वितरण करेंगे। 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सभी कार्यकर्ता अपने-अपने घरों में योग करेंगे। 11 से 25 जून तक प्रत्येक विधानसभा में एक-एक वर्चुअल कान्फ्रेंस आयोजित की जाएंगी।
इसमें 40 मिनट तक किसी वरिष्ठ नेता का संबोधन व 20 मिनट का संवाद सत्र होगा। उन्होंने बताया कि 27 से 30 जून तक का आत्मनिर्भर भारत व स्वदेशी उत्पाद के समर्थन में सेल्फी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 30 जून को भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम होंगे।