जाखन में दून शहर के पहले मॉडर्न स्टॉपेज पर शुक्रवार से यात्री सिटी बसों में सवार हो सकेंगे।
मेयर विनोद चमोली और विधायक गणेश जोशी ने इस स्टापेज का उद्घाटन कर दिया। इसके साथ ही शहरभर में ऐसे 68 स्टॉपेज का निर्माण भी शुरू हो गया।
राजपुर रोड पर जाखन में स्कॉलर्स होम स्कूल के बाहर यह स्टॉपेज दिल्ली की एक कंपनी ने बनाया है। उद्घाटन पर मेयर विनोद चमोली ने कहा कि निगम नगर के विकास के लिए प्रयासरत है।
आधुनिक स्टापेज बनवाने पर बधाई
आगे कई और प्रोजेक्टों पर काम किया जाएगा। मेयर ने कहा कि दून खूबसूरत होगा तो उसके बाशिंदों को भी खूबसूरत कहा जाएगा।
मुख्य अतिथि मसूरी विधायक गणेश जोशी ने निगम को आधुनिक स्टॉपेज बनवाने पर बधाई दी। कहा कि शहर का विकास प्राथमिकता में होना चाहिए।
इस अवसर पर मुख्य नगर अधिकारी अशोक कुमार, नेता प्रतिपक्ष नीनू सहगल, जया जोशी और संबंधित कंपनी के अधिकारी मौजूद रहे।
जब जोशी ने निकाली हवा
जिस स्टॉपेज के उद्घाटन के लिए विधायक जोशी को बतौर मुख्य अतिथि आमंत्रित किया गया था, उन्होंने उसकी ही हवा निकाल दी। अपने संबोधन में उन्होंने निगम पर चुटकी लेने के साथ स्टापेज की खामियां भी गिना दीं।
बोले, ‘चलो नगर निगम कुछ काम भी करता है। पहले तो सुनने को मिलता था कि निगम में काम ही नहीं होता।’ फिर बोले, ‘स्टॉपेज बना तो अच्छा है, लेकिन इसके डिजाइन में खामियां है। इसे सुधारना चाहिए।’ हालांकि मेयर ने विधायक के कामों की जमकर तारीफें की और उन्हें विकासवादी बताया।
..लेकिन बरसात में भीगना तय
कंपनी ने बस स्टॉपेज को दिल्ली की तर्ज पर बनाया है, लेकिन उसका डिजाइन इस तरह है कि बरसात में यहां खड़े होने वालों का भीगना तय है।
विशेषज्ञों ने बताया कि दिल्ली में बारिश वर्टिकल (सीधी नीचे की ओर) आती है, जबकि दून में तिरछी। कंपनी ने दिल्ली की बरसात को ही ध्यान में रख डिजाइन बनाया जो तिरछी बारिश से बचाने में नाकाम है।