केंद्र सरकार ने देश में विकसित किए जा रहे सौ मॉडल नेशनल करियर सेंटर में से दो सेंटर उत्तराखंड के लिए मंजूर किये हैं।
केंद्रीय श्रम मंत्री बंदारु दत्तात्रेय ने प्रदेश सरकार से जल्द से जल्द प्रस्ताव भेजने का आग्रह भी किया है। केंद्र सरकार करीब 380 करोड़ रुपए की लागत से इन केंद्रों को विकसित कर रही है।
मंगलवार को दून में मीडिया से मुखातिब केंद्रीय मंत्री ने कहा कि नेशनल करियर सेंटर के जरिये रोजगार खोज रहे लोगों को 164 से अधिक ट्रेड में रोजगार के अवसरों की जानकारी दी जाएगी। नेशनल सर्विस पोर्टल जुलाई माह में शुरू किया जा चुका है।
इसी के तहत देश में करीब सौ आदर्श केंद्र भी स्थापित किये जा रहे हैं। इसके लिए केंद्र सरकार ने करीब 380 करोड़ रुपए का बजट रखा है। आदर्श केंद्र रोजगार मेले भी आयोजित करेगा, सेवा प्रदाताओं को बेरोजगारों से जोड़ेगा, करियर के लिए परामर्शदात्री संस्था के रूप में भी काम करेगा और कौशल विकास के रास्ते भी सुझाएगा।
दत्तात्रेय के मुताबिक देश में करीब चार करोड़ लोग हर साल रोजगार के लिए तैयार होते हैं। इसके बावजूद योग्यता और कौशल वाले सेक्टर में पर्याप्त खाली जगह है। इसीलिए कौशल विकास को तवज्जो दी रही है। आदर्श केंद्रों को रोजगार के साथ-साथ कौशल विकास से भी जोड़ा गया है।