चिकित्साधिकारियों की रोटेशन में रहेगी ड्यूटी
गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडे ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग पर चिकित्सकों की ड्यूटी 15 दिन के रोटेशन पर लगाई जाए। ड्यूटी के लिए चार डाक्टरों का पैनल बनाए। विशेषज्ञ चिकित्सक भी तैनात किए जाएं। एयर एंबुलेंस की व्यवस्था भी की जाएगी।
पूर्व की भांति रहेगी पंजीकरण व्यवस्था
गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने कहा कि पंजीकरण की व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं किया गया है। व्यवस्था पूर्व की भांति (60 फीसदी ऑफलाइन व 40 फीसदी ऑनलाइन) यथावत रहेगी। हरिद्वार डीएम मयूर दीक्षित को निर्देश दिए कि आवश्यकता पड़ने पर पंजीकरण काउंटरों की संख्या बढ़ाई जाए। वर्तमान में हरिद्वार में 38 पंजीकरण काउंटर हैं।
छोटी बसों की शटल सेवा पर विचार
डीएम उत्तरकाशी प्रशांत कुमार आर्य ने बताया कि जाम से निपटने के लिए छोटी बसों की शटल सेवा पर विचार किया जा रहा है। अक्सर बड़ी बसों से जाम की स्थिति बन रही है। एसपी सरिता डोभाल ने बताया कि इस बार गंगोत्री, यमुनोत्री हाईवे पर पर्यटन पुलिस की कुछ नई चौकियां बनाई जाएंगी। पार्किंग पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। अतिरिक्त पुलिस फोर्स के लिए प्री फैब्रिकेटेड आवास बनाए जाएंगे। जिला प्रशासन उत्तरकाशी ने यात्रा व्यवस्थाओं के लिए इस बार करीब 6 करोड़ 35 लाख रुपये की मांग की है।
ब्रह्मपुरी चौकी के समीप हाईवे का होगा चौड़ीकरण
बैठक में टिहरी डीएम निकिता खंडेलवाल ने गढ़वाल आयुक्त को बताया कि ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर ब्रह्मपुरी में आरटीओ की चेक पोस्ट है। यहां पर यात्रा वाहनों के ग्रीन कार्ड की जांच की जाती है। लेकिन स्थान कम होने के कारण यहां जाम की स्थिति बन जाती है। डीएम टिहरी ने चौकी को करीब 2 किमी आगे स्थानांतरित किए जाने का सुझाव रखा। लेकिन परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि उक्त स्थान भूस्खलन जोन में है, जिससे वहां चौकी का निर्माण नहीं किया जा सकता। बाद में ब्रह्मपुरी चौकी के समीप हाईवे चौड़ा किए जाने का निर्णय लिया गया।
ये भी पढे़ं...शीतकालीन यात्रा: प्रवास स्थलों पर पहुंचे 27 हजार से अधिक श्रद्धालु, ओंकारेश्वर मंदिर में सबसे ज्यादा भीड़
2023 में आए थे रिकाॅर्ड 56 लाख यात्री
गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने कहा कि वर्ष 2023 में रिकाॅर्ड 56 लाख तीर्थयात्री चारधाम यात्रा के लिए आए थे। विगत यात्रा सीजन में 50 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने चारधाम यात्रा की तथा सभी के सहयोग से यात्रा का सफल संचालन किया गया। इस वर्ष यात्रा को और अधिक सुगम एवं सरल बनाने के लिए ठोस प्रयास किए जाएंगे।