बता दें कि एक जुलाई को पंतनगर थाना क्षेत्र स्थित झा कॉलोनी निवासी एक किशोरी रहस्यमय ढंग से लापता हो गई थी। 18 दिनों की तलाश के बाद पंतनगर थाना पुलिस ने किशोरी को दिल्ली से बरामद कर लिया।
पूछताछ में किशोरी ने बताया कि उसने अपने मोबाइल में एक गेम एप डाऊनलोड किया था, जिसमें वह काफी दिनों से टैक्सी ड्राइवर-2 गेम खेल रही थी। गेम खेलते-खेलते वह इससे इतना प्रभावित हुई कि उसके मन में देश घूमने की इच्छा जागी और उसने घर छोड़ दिया।
घर से निकलने के बाद वह किच्छा से बरेली होते हुए लखनऊ, जयपुर, उदयपुर, जोधपुर, अहमदाबाद, पूना, दिल्ली आदि शहरों में घूमती रही। इसके लिए वह घर से नकदी भी ले गई थी। फिलहाल पुलिस ने किशोरी को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
किशोरी को बरामद करने वाली टीम में पंतनगर थाना प्रभारी अशोक कुमार, एसआई विपुल जोशी, बिशन लाल आगरी, कांस्टेबल मनोज कुमार, दीपक मेहरा, सुरेंद्र सामंत, किशोरी फर्तयाल, भोलानाथ स्वामी थे।
एसओ अशोक कुमार ने बताया कि दिल्ली के कमलानगर में बुधवार देर रात छात्रा रिक्शा पर अकेली जा रही थी। इस दौरान पुलिस ने उसे रोका। पूछताछ में उसने बताया कि वह घर में बिना बताए आई है। इसके बाद पंतनगर पुलिस से संपर्क किया गया और पूरे मामले की जानकारी दी।
छात्रा ने बताया कि वह 18 दिनों में कहीं भी रुकी नहीं। लगातार एक से दूसरी गाड़ी में सफर करती रही। यह सफर अलग-अलग बसों में पूरा किया। वह बस में ही सफर करते-करते सोती थी। जहां बस रुकती वहां खाना खा लेती थी। तय शहर में पहुंचकर फिर अगले शहर के लिए बस से निकल पड़ती थी।
- वीडियो गेम या मोबाइल गेम से बच्चों का ध्यान डायवर्ट करें। उन पर नजर रखें और ज्यादा समय उनके साथ बिताएं।
- छोटी उम्र से ही बच्चों के हाथ में मोबाइल न दें। आउटडोर एक्टिविटी करवाएं।
- बच्चों के हेल्दी मनोरंजन पर खास ध्यान दें। बच्चों की काउंसलिंग करवाएं।