मुकदमा दर्ज होने के बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो में महिला ने विधायक महेश नेगी पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप लगाया कि विधायक ने उसका दो वर्ष तक शारीरिक शोषण किया। दावा किया कि उसकी बेटी के पिता विधायक महेश नेगी ही हैं। महिला ने कहा कि वह बेटी और विधायक का डीएनए टेस्ट कराना चाहती है। उधर, विधायक ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया है। विधायक ने कहा कि वे किसी भी जांच के लिए तैयार हैं।
1.47 मिनट का यह वीडियो शुक्रवार दोपहर सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसमें महिला ने अपने ऊपर लगे रंगदारी मांगने के आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया। वीडियो में उसने बताया कि उसने ऐसी कोई मांग विधायक के परिवार से नहीं की है।
उसका दो साल से शोषण किया जा रहा था। अब वह अपनी बेटी के लिए इंसाफ मांग रही है। महिला के अनुसार उसने अपनी बेटी और पति के डीएनए कराया था। लेकिन, रिपोर्ट नेगेटिव आई है। दावा किया है कि उसकी बेटी के पिता विधायक नेगी ही हैं। महिला ने कहा कि वह डीएनए टेस्ट कोर्ट के माध्यम से करना चाहती है। ताकि, सब साफ हो सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रकरण की निष्पक्ष जांच की जा रही है।
यह मेरे राजनीतिक विरोधियों का षड्यंत्र है। इसमें शामिल लोगों के बारे में मुझे जानकारी है। महिला ने खुद उनका नाम लिया है। महिला ने मेरी पत्नी से पांच करोड़ रुपये की मांग की। मेरी पत्नी ने एफआईआर दर्ज करवाई तो जांच को प्रभावित करने के लिए इस तरह का षड्यंत्र किया जा रहा है। मैं किसी भी तरह की जांच के लिए तैयार हूं। इस साजिश के पीछे बड़ा गिरोह काम कर रहा है।
-महेश नेगी, द्वाराहाट विधायक।