विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने बुधवार को नगरपालिका क्षेत्र में चल रहे सीवरेज और पेयजल योजना के कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि योजना का निर्माण जनता की सुविधा के लिए कराया जा रहा है। हर एक क्षेत्र में नागरिकों से बात करके उनकी सुविधा को प्राथमिकता देते हुए ही निर्माण कार्य कराया जाए।
विकासनगर के नगरपालिका क्षेत्र में सीवरेज और पेयजल योजना का निर्माण किया जा रहा है। बुधवार को विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने नगर पालिका सभागार में निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक की। उन्होंने निर्माण में जुटे अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने जलभराव के मामले में संवेदनशील सिनेमा गली, देवदत्त मार्ग, पंजाबी काॅलोनी, काॅलेज रोड की पानी की निकासी के बारे में चर्चा की। विधायक ने पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि नगर के वार्ड नंबर चार, पांच व छह की सीवरेज निकासी फिलहाल सेप्टिक टैंक आधारित रहेगी। इसमें नियमित रूप से वेस्ट को टैंकरों के माध्यम से भीमावाला स्थित नगर पालिका के बन रहे ट्रीटमेंट प्लांट पर ले जाकर उसका निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि उनका प्रयास रहेगा कि इस योजना से लाभान्वित नहीं होने वाले क्षेत्रों को भविष्य में बनने वाली हरबर्टपुर सीवरेज योजना से जोड़ा जाएगा। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि सभी क्षेत्रों में पानी की निकासी को आसान बनाने के लिए हर एक बिंदु पर गहनता के साथ विचार करके ही निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने नक्शे के जरिए क्षेत्रीय विधायक को पानी की निकासी के विभिन्न साधनों की विस्तृत जानकारी दी। बैठक में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट, आलेंद्र सिंह, अमित कुमार, रोहित तोमर, केपी सिंह, मिथलेश कुमार, राहुल, पंकज तिवारी आदि शामिल रहे।