अल्मोड़ा में कोसी कस्बा निवासी सोनू टेलर के चार साल का बच्चा बृहस्पतिवार रात अचानक गायब हो गया था। तेंदुए के हमले की आशंका में कोहराम मचा रहा। इसलिए उसे खोजने लिए 12 बजे रात तक एसडीएम और अन्य अधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस, एनडीआरएफ, वन विभाग की टीमों समेत करीब 300 से अधिक ग्रामीणों ने घंटों कटारमल क्षेत्र के जंगलों को छान मारा।
अल्मोड़ा से लौट रहे केंद्रीय कपड़ा राज्यमंत्री अजय टम्टा भी रात में ग्रामीणों के साथ बच्चे को खोजने जंगल में निकल गए। आखिरकार, रात करीब 12 बजे लापता बच्चे के बहन की नजर दरवाजे की पीछे गई तो बच्चा वहां बेसुध सोया मिला। बच्चे के जीवित बचे होने की उम्मीद खो चुकी मां ने जैसे ही बच्चे को देखा वह उससे लिपट पड़ी और दुख के आंसू खुशी में बदल गए।
बृहस्पतिवार की रात करीब पौने आठ बजे निकटवर्ती कोसी बाजार के निकट रहने वाले सोनू टेलर का चार साल का बेटा भावेश खाना खाने के बाद अचानक गायब हो गया। काफी देर तक बच्चा घर पर नजर नहीं आया तो परिजनों ने उसे घर के आसपास खोजना शुरू किया, लेकिन कुछ पता नहीं लगा। कुछ ही देर में घर में परिजनों का रोना-धोना शुरू हो गया। लोगों को आशंका हुई कि तेंदुआ ही बच्चे को उठा ले गया है। कुछ ही देर में आसपास के ग्रामीण भी एकत्र हो गए। घटना की सूचना प्रशासन को दे दी गई। कुछ देर बाद पुलिस, वन विभाग, एनडीआरएफ की टीमें भी मौके पर पहुंच गईं।