खेत में चारा लेने गए किशोर के साथ एक युवक के कुकर्म करने का मामला सामने आया है। आरोपी के साथी ने उसकी वीडियो भी बना ली। पीड़ित किशोर का कहना है कि आरोपियों ने मुहं बंद न रखने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी है। पुलिस ने किशोर के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्र के एक गांव में रहने वाले व्यक्ति ने कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि उसका 16 वर्षीय पुत्र 13 मई को दोपहर करीब दो बजे चारा लेने के लिए गया था। गांव का गौरव नामक युवक उसे डरा धमकाकर एक स्कूल के पीछे ले गया और वहां उसके साथ कुकर्म किया। इस दौरान आरोपी युवक के साथी ने वीडियो भी बना ली। दोनों ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे चुप रहने को कहा। लौटने पर पुत्र ने परिजनों को आप बीती बताई।
14 मई की रात पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी गौरव के खिलाफ धारा 377 व 3/4 पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। एसआई विजय सिंह गुंसाई ने बताया कि पीड़ित किशोर का मेडिकल कराया गया है। पुलिस वीडियो की रिकार्डिंग बरामद करने के प्रयास में जुटी है। आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।