माता-पिता के साथ फिल्म देखकर साइकिल से लौट रही किशोरी की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद से परिवार सदमे में है।
मंगलवार शाम मिलापनगर निवासी प्रेम कुमार अपनी पत्नी के साथ बाइक से फिल्म देखने सिनेमा घर गए थे। उनकी तेरह साल की बेटी सुहानी भी अपनी साइकिल से उन्हीं के साथ सिनेमा देखनी पहुंची थी। फिल्म समाप्त होने के बाद रात करीब आठ बजे तीनों घर लौट रहे थे। प्रेम कुमार और उनकी पत्नी बाइक से आ रहे थे। जबकि पीछे उनकी बेटी सुहानी साइकिल से आ रही थी। डबल फाटक के पास सुहानी ट्रैक पार करने लगी।
इसी दौरान वह ट्रेन की चपेट में आ गई। हादसे के साथ ही मौके पर भीड़ जुट गई। खून से लथपथ सुहानी को प्रेम कुमार लोगों की मदद से सुहानी को पास स्थित एक चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची सिविल लाइंस कोतवाली की एसआई निधि डबराल ने शव कब्जे में लिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। उसके बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया।