तिलक रोड स्थित बाल वनिता अनाथालय की एक छात्रा सोमवार को रहस्मय ढंग से लापता हो गई। छात्रा सोमवार सुबह स्कूल के लिए निकली थी, लेकिन छुट्टी के बाद वह घर नहीं पहुंची। काफी तलाश करने के बाद भी देर रात तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका।
पुलिस के अनुसार अनाथालय और स्कूल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इसके अलावा पड़ोसी जिलों के थानों में छात्रा का फोटो भेजकर तलाश कराई जा रही है। छठी की यह छात्रा 2010 में मेरठ में लावारिस हालत में मिली थी, तब से ही वह अनाथालय में रहती है।
शहर के तिलक रोड स्थित बाल वनिता अनाथालय में रहने वाले करीब 20-22 बालक और बालिकाएं पास के ही नारी शिल्प विद्यालय में पढ़ने जाती हैं। वार्डन की देख-रेख में यह बच्चे ग्रुप में आत-जाते हैं।
सोमवार सुबह 7:30 बजे के करीब सभी बच्चे अनाथालय से स्कूल गए थे। छुट्टी के बाद अनाथालय में बच्चों की गिनती हुई तो कक्षा छह की छात्रा भारती आर्य (14) के लापता होने की बात पता चली। इसके बाद आननफानन अनाथालय के सचिव ओपी नागलिया ने खुड़बुड़ा पुलिस चौकी पर छात्रा के गायब होने की जानकारी दी।
शहर कोतवाल डीबीडी जुयाल ने बताया कि छात्रा का पता लगाने में टीम लगा दी गई है। देहरादून के अलावा आसपास के जनपदों में छात्रा का फोटो भेजा गया है। वहीं अनाथालय के सचिव ओपी नागालिया ने बताया कि पुलिस में गुमशुदगी दर्ज करा दी गई है। वह अपने स्तर से भी छात्रा की तलाश करा रहे हैं।