लक्ष्मण चौक से अगवा मासूम अंकित एक पखवाड़े के बाद सकुशल बरामद हो गया। कलेजे के टुकड़े को सामने देखकर मां बाप की आंखे भर आई। अंकित को उसके पिता के परिचित लाला ने ही अपने दोस्त राजीव के साथ मिलकर अगवा किया था।
पकड़े जाने के डर से लाला और राजीव ने अंकित को सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर छोड़ दिया और दोनों फरार हो गए थे। रेलवे स्टेशन पर भटकते हुए अंकित को सहारनपुर जीआरपी ने बाल संरक्षण गृह में दाखिल कराया था। देहरादून पुलिस ने अंकित को लाकर रविवार को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
एसएसपी निवेदिता कुकरेती के मुताबिक गांव गया घाट, जिला मुजफ्फरपुर, बिहार निवासी सुरेश साहनी शहर कोतवाली क्षेत्र लक्ष्मण चौक स्थित एक बस्ती में परिवार सहित रहता है। सुरेश पल्लेदारी करता है।
दो जुलाई को सुरेश का चार साल का बेटा अंकित अचानक लापता हो गया। इससे पहले एक जुलाई को सुरेश के गांव का लाला साहनी अपने दोस्त राजीव साहनी निवासी गांव कटरा, जिला मुजफ्फरपुर के साथ उसके घर आया। लाला बिहार में मजदूरी करता है।
राजीव भी हरियाणा के रेवाड़ी स्थित फैक्ट्री में मजदूर है। एसएसपी के मुताबिक अंकित के गायब होने की सूचना तीन जुलाई को पुलिस को मिली थी। जिस पर आसपास के सीसी फुटेज देखे गए। एक कैमरे में लाला अंकित को ले जाता दिखाई दिया।