विदेशों से आयातित होने वाले पौधों के लिए प्रदेश में बनने वाले क्वारंटीन सेंटर की संभावनाएं कृषि मंत्रालय के प्रतिनिधिमंडल ने तलाशी। प्रदेश में इस सेंटर को स्थापित करने के लिए 20 एकड़ भूमि की तलाश की जा रही है।
कृषि मंत्रालय के संयुक्त सचिव अश्वनी कुमार व राजवीर सिंह ने कृषि मंत्री सुबोध उनियाल से मुलाकात कर सेंटर को स्थापित करने की संभावनाओं के बारे में जानकारी ली। कृषि मंत्री सुबोध उनियाल ने केंद्रीय प्रतिनिधिमंडल को अवगत कराया कि टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, देहरादून, ऊधमसिंह नगर व नैनीताल जिले में क्वारंटीन सेंटर के लिए जमीन तलाशी जा रही है।
भूमि मिलने के बाद सेंटर बनाया जाएगा। यहां पर विदेशों से आयातित पौधों को एक निश्चित अवधि तक रखा जाएगा। इससे पौधों में रोगों की जानकारी मिलेगी। जिससे अन्य फसलों को किसी संभावित नुकसान से बचाया जा सकता है। इस मौके पर सचिव कृषि हरबंस सिंह चुघ, अपर सचिव व निदेशक उद्यान राम विलास यादव एवं कृषि निदेशक गौरीशंकर उपस्थित रहे।