शिक्षा मंत्री के पुत्र के खिलाफ अपशब्द बोलने पर उनके समर्थक भड़क गए। पुलिस आरोपी को पुलिस चौकी ले गई। आरोप है कि मंत्री पुत्र के समर्थकों ने चौकी पहुंचकर युवक के साथ जमकर मारपीट की।
युवक की पिटाई से नाराज परिजन और महिलाओं ने पुलिस चौकी में प्रदर्शन किया। युवक ने मारपीट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर तहरीर भी दी है।
रविवार रात गूलरभोज में गांधी आश्रम के पास विश्वकर्मा पूजा का आयोजन हो रहा था।
इसके मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे के पुत्र अतुल पांडे और सतीश चुघ थे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान नई बस्ती निवासी एक युवक ने अतुल पांडे के खिलाफ अपशब्द कह दिए। इससे सर्मथकों में आक्रोश फैल गया।
अतुल ने पुलिस को सूचना दी तो गूलरभोज चौकी पुलिस युवक पकड़ ले गई। पुलिस चौकी में युवक से पूछताछ कर रही थी। इसी बीच अतुल के समर्थक वहां पहुंच गए। आरोप है कि समर्थकों ने चौकी में ही युवक की पिटाई कर दी। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह उन्हें हटाया। युवक ने बताया कि उसने चौकी में बने बैरक में घुसकर खुद को बचाया। बाद में आरोपी को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
इधर, चौकी में युवक से मारपीट की सूचना से उसके परिजन और अन्य ग्रामीण भड़क गए। सोमवार सुबह महिलाओं ने चौकी का घेराव कर प्रदर्शन किया। उन्होंने मारपीट करने वालों पर कार्रवाई की मांग की। पीड़ित युवक ने तीन नामजद सहित अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। प्रदर्शन करने वालों मे सरस्वती भंडारी, इंद्रा गड़िया, लक्ष्मी मेहता, प्रभा भंडारी, बिशनी देवी, शाकंभरी रावत, सीमा, किशोर सामंत, बची सिंह, अमित, हर्ष शर्मा, मोहित सहित कई लोग थे।
मेरे सामने आरोपी ने गालियां दी थी। माहौल खराब न हो, इसलिए चौकी प्रभारी को सूचित कर दिया गया था। कुछ लोग बेवजह मामले को तूल दे रहे हैं।
-अतुल पांडे, मंत्री पुत्र
- सूचना मिलने पर अपशब्द कहने वाले युवक को पुलिस चौकी लाया गया था। पूछताछ के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया था। चौकी में किसी तरह की मारपीट की घटना नहीं हुई।
-योगेश कुमार, चौकी प्रभारी, गूलरभोज
पुलिस चौकी में मारपीट की घटना से चौकी का स्टाफ इनकार कर रहा है, लेकिन फिर भी वे अपने स्तर से मारपीट के आरोप की जांच कराएंगे। अगर चौकी में मारपीट हुई होगी तो कार्रवाई होगी।
-डॉ. सदानंद दाते, एसएसपी