विदेश राज्यमंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने कहा कि कोटद्वार में पासपोर्ट सेवा केंद्र खुलने से गढ़वाल के लोगों को देहरादून और अन्य शहरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। केंद्र सरकार छोटे शहरों व दूर दराज के क्षेत्रों को भी डाक एवं पासपोर्ट सेवा केंद्र के माध्यम से पासपोर्ट सेवाएं उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि कोटद्वार में यह पासपोर्ट केंद्र सांसद बलूनी के प्रयासों से ही संभव हुआ है।
शनिवार को कोटद्वार तहसील परिसर में डाक एवं पासपोर्ट सेवा केंद्र के उद्घाटन पर बतौर मुख्य अतिथि पबित्रा मार्गेरिटा ने यह बात कही। उन्होंने अपने भाषण की शुरुआत गढ़वाली भाषा में मेरू दीदि भुल्यों तै नमस्कार से किया। उन्होंने कोटद्वार में पोस्ट आफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र के शुभारंभ पर क्षेत्रवासियों को बधाई दी। केंद्र सरकार की सेवाओं को आसानी से पहुंचाने व पासपोर्ट सेवा को सरल एवं सुलभ बनाने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है।गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि कण्वाश्रम को राष्ट्रीय स्मारक बनाने की कवायद चल रही है। लालढांग मार्ग सबके लिए खुलेगा। मार्ग से सभी कामर्शियल वाहन को जाने दिया जाएगा। इसके लिए पिटीशन की तैयारी कर ली गई है। कंडी मार्ग को भी खोलने के लिए काम किया जा रहा है। पौड़ी हाईवे पर जल्द सुरंग बनाई जाएगी जिससे मार्ग 35 किमी कम हो जाएगा।
इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी, विधायक दिलीप रावत, पौड़ी के विधायक राजकुमार पोरी, मेयर शैलेंद्र सिंह रावत, गोसेवा आयोग के अध्यक्ष राजेंद्र अणथ्वाल, दर्जाधारी ऋषि कंडवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष राजगौरव नौटियाल, शैलेंद्र सिंह बिष्ट, विदेश मंत्रालय के एसपी गोवर्द्धन, डाक निदेशक अनुसूया प्रसाद चमोला, क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी अनुज स्वरूप आदि मौजूद रहे। संचालन विदेश मंत्रालय पासपोर्ट कार्यालय की ओएसडी प्रियंका भट्ट ने किया।
ये भी पढे़ं...Dehradun: डीएवी कॉलेज छात्रसंघ समारोह, सीएम के निकलते ही हंगामा, डांस के दौरान झड़प, एक छात्र को लगा चाकू