उत्तराखंड सरकार के एक कैबिनेट मंत्री इन दिनों बीमार चल रहे हैं। अमेरिका के डाक्टरों से उनका उपचार चल रहा है।
इस कारण विभाग से संबंधित कई फाइलें मंत्री के अनुमोदन बिना लटकी हैं, लेकिन चहेतों के लिए मंत्री जी की हरकत कम नहीं है।
तभी तो हरिद्वार के स्टेशन इंचार्ज के मामले में मंत्री के हस्तक्षेप के बाद तबादला रोक दिया गया है। बात हो रही है परिवहन मंत्री सुरेंद्र राकेश की, जो इन दिनों विभागीय काम से दूरी बनाए हुए हैं। अमेरिका में इलाज कराने के बाद वह इस हफ्ते ही दून पहुंचे हैं।
बताया जा रहा है कि इसी बीच परिवहन निगम में हरिद्वार के स्टेशन इंचार्ज जगत सिंह को दून के लिए रिलीव कर दिया गया, जो मंत्री जी के चहेतों में शामिल हैं।
जब मामला मंत्री जी के पास पहुंचा तो उन्होंने उच्चाधिकारियों को तत्काल आदेश वापस लेने के निर्देश दिए। इसके बाद शुक्रवार को निगम मुख्यालय से आदेश वापस हो गया है।
क्या कहते हैं अधिकारी
'मैं छुट्टी पर कुछ दिन के लिए बाहर गया था। इसी बीच गलती से हरिद्वार के स्टेशन इंचार्ज का ट्रांसफर रिलीव लेटर भेज दिया गया, जो अब वापस ले लिया गया है।'
आशीष कुमार, महाप्रबंधक संचालन, रोडवेज