जिला प्रशासन के नेतृत्व में नगर निगम, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, खाद्य एवं औषधि प्राधिकरण और उत्तराखंड पुलिस की टीम ने देहरादून के कांवली रोड स्थित एक डेयरी को सील कर दिया। साथ ही 15 मवेशियों को मुक्त कराया गया। आरोप है कि डेयरी मालिक दुधारू पशुओं में ऑक्सीटोसिन का प्रयोग कर रहा था।
दुधारू पशुओं में ऑक्सीटोसिन की शिकायत के बाद पूर्व जिलाधिकारी डॉ. आर राजेश कुमार ने डेयरी को बंद करने के निर्देश दिए थे। लेकिन इसके बाद भी डेयरी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई थी। जिसके बाद सोसाइटी फॉर प्रिवेंशन ऑफ क्रूएल्टी टू एनिमल (एसपीसीए) संस्था की सदस्य रूबीना नितिन लियर ने इसकी शिकायत जिलाधिकारी सोनिका से की थी। जिसके बाद दस अगस्त को जिलाधिकारी ने संयुक्त बैठक आयोजित कर डेयरी को तत्काल बंद कराने के निर्देश दिए थे। जिसके बाद मंगलवार रात को जिला प्रशासन, नगर निगम, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, पशु पालन विभाग और पुलिस की टीम कांवली रोड पहुंचे और डेयरी को सील कर दिया। इस दौरान तहसीलदार जसपाल राणा, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से राजेश कंडारी, क्षेत्रीय पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. लतेश जोशी, पशु चिकित्साधिकारी नगर निगम डॉ. डीसी तिवारी आदि मौजूद रहे।