दलेर मेहंदी को 35 लाख रुपये दिए गए थे
विवाद उस समय शुरू हुआ, जब उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री और नरेंद्र नगर के विधायक सुबोध उनियाल ने मेले में दलेर मेहंदी की प्रस्तुति पर आपत्ति जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि गायक मंच पर असहज नजर आ रहे थे और गाने के बजाय लिप-सिंक कर रहे थे। मंत्री के मुताबिक, कार्यक्रम के लिए दलेर मेहंदी को 35 लाख रुपये दिए गए थे। हालांकि, उनके नशे में होने के आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
दलेर मेहंदी के बचाव में उतरे मीका सिंह ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर बताया कि उनके भाई पिछले दो साल से अस्वस्थ हैं और हाल ही में उनकी बड़ी सर्जरी हुई है। मीका ने शराब पीने के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि दलेर मेहंदी शराब नहीं पीते। उन्होंने कड़ी नाराजगी जता चेतावनी दी कि कोई अगर यह साबित कर दे कि दलेर शराब पी रहे थे तो वह गाना छोड़ देंगे। वहीं, रैपर बादशाह ने लिखा कि दलेर की कला और संगीत जगत में योगदान पर निराशा जताई जा सकती है, लेकिन सार्वजनिक रूप से किसी कलाकार को अपमानित करना बेहद दुखद है।
उन्होंने कहा कि दिग्गज कलाकार सम्मान के हकदार हैं, खासकर तब, जब वे किसी मुश्किल दौर से गुजर रहे हों। कॉमेडियन कपिल शर्मा ने भी दलेर मेहंदी के प्रति समर्थन जताते हुए कहा कि उनकी गंभीर सर्जरी के बारे में बहुत से लोगों को जानकारी नहीं है। उन्होंने लिखा कि हर किसी को दूसरों के प्रति थोड़ा और दयालु होना चाहिए, क्योंकि यह पता नहीं होता कि कोई व्यक्ति किस दौर से गुजर रहा है। गायिका हर्षदीप कौर ने भी दलेर मेहंदी को दिग्गज कलाकार बताते हुए कहा कि उस दिन उनकी तबीयत ठीक नहीं रही होगी। इस बीच, शिल्पा शेट्टी समेत मनोरंजन जगत की कई अन्य हस्तियों ने भी उनके समर्थन में आवाज उठाई है।