सोमवार दोपहर 12.30 बजे भारतीय वायु सेना के एमआई-26 हेलीकॉप्टर ने गौचर हवाई पट्टी पर लैंडिंग की। आपदा के बाद यह तीसरा मौका है, जब यह हेलीकॉप्टर यहां पट्टी पर उतरा है।
मंगलवार को एमआई-26 केदारनाथ में ट्रायल लैंडिंग करेगा। एमआई-26 से केदारनाथ पुनर्निर्माण कार्य के लिए 125 टन सामान ले जाया जाना है, जिसमें भारी मशीनें शामिल हैं।
तीन दिन से मौसम खराब होने के बाद सोमवार प्रात: से ही आसमान साफ होने और गुनगुनी धूप को देखते हुए एमआई-26 की लैंडिंग कार्यक्रम तय किया गया। प्रात: 11.10 मिनट पर एमआई-26 ने चंडीगढ़ से टेक ऑफ किया। 1 घंटा और 20 मिनट के बाद दोपहर 12.30 बजे यह गौचर हवाई पट्टी पर पहुंचा।
इस दौरान प्रशासन और पुलिस द्वारा सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे। प्रशासन की ओर से एसडीएम सीएस चौहान ने हवाई पट्टी पर अगवानी की। मौके पर निम के योगेंद्र राणा भी मौजूद थे। उन्होंने भारतीय वायु सेना के विंग कमांडर जीएस तुंग को केदारनाथ पहुंचाए जाने वाले सामान के बारे में भी जानकारी दी।