आईएसबीटी के पास 22 बीघा में बनेगा मेट्रो का दफ्तर
शासन की मांग पर जिला प्रशासन ने दिया प्रस्ताव, 28 को शासन में बैठक
सचिव की अध्यक्षता में कार्यालय निर्माण के संबंध में होना है विचार विमर्श
माई सिटी रिपोर्टर
देहरादून। देहरादून मेट्रो का कार्यालय आईएसबीटी के पास 22 बीघा जमीन में बनेगा। इसके लिए प्रशासन ने शासन को जमीन का प्रस्ताव भेज दिया है। इस पर भवन निर्माण के लिए विचार विमर्श को शासन में 28 अगस्त को बैठक होनी है। चूंकि, जमीन एमडीडीए के स्वामित्व वाली है तो शासन ने प्रशासन और एमडीडीए को इस संबंध में तैयारी कर बैठक में पहुंचने के निर्देश दिए हैं।
देहरादून में मेट्रो के लिए कागजी तैयारियां पूरी होने के बाद अब धरातल पर प्रयास शुरू हो गया है। सबसे पहले उत्तराखंड मेट्रो रेल शहरी अवस्थापना एवं भवन निर्माण निगम लिमिटेड के एमडी के कार्यालय का निर्माण किया जाना है। फरवरी में शासन ने प्रशासन से भूमि की उपलब्धता के लिए पत्र लिखा था। इस पर प्रशासन ने गत 22 जून को आईएसबीटी के पास एमडीडीए के स्वामित्व वाली 1.9093 हेक्टेयर लगभग 22 बीघा भूमि का प्रस्ताव भेजा है। इस कार्यालय के निर्माण के लिए शासन में सचिव की अध्यक्षता में 28 अगस्त को बैठक होनी है। बताया जा रहा है कि इस जमीन को मेट्रो के लिए देने या न देने का अंतिम फैसला एमडीडीए के स्तर पर किया जाएगा। लिहाजा, एमडीडीए सचिव को भी बैठक में विचार विमर्श के लिए बुलाया है।