दून मेडिकल कॉलेज में मेस घोटाले के मामले में मंगलवार को निदेशक समेत उच्च स्तरीय जांच कमेटी के सदस्य कॉलेज पहुंचे और जांच से जुड़ दस्तावेज और हार्ड ड्राइव अपने कब्जे में ले ली। कमेटी अब घोटाले में संलिप्त कर अधिकारी-कर्मचारी को एक-एककर निदेशालय बुलाकर पूछताछ करेगी।
गौरतलब है कि 10 दिन पूर्व दून मेडिकल कॉलेज में मेस शुल्क से जुड़े करीब 80 लाख रुपये के घोटाले का खुलासा हुआ था। इसके बाद कॉलेज ने अपने स्तर पर एक जांच कमेटी का गठन किया था। कई दिनों तक जब जांच किसी नतीजे तक नहीं पहुंची तो स्वास्थ्यमंत्री के निर्देश पर मामले की जांच निदेशालय को सौंपी गई। निदेशक डॉ. अजय आर्य की अध्यक्षता वाली चार सदस्यी टीम मामले की जांच कर रही है। मंगलवार को टीम मेडिकल कॉलेज पहुंची। उन्होंने संदिग्ध भूमिका वाले सभी कर्मचारियों को बुलाकर पूछताछ की। इसके बाद टीम ने जांच से जुड़े सभी दस्तावेज और हार्ड ड्राइव अपने कब्जे में ले लिए। टीम उन्हें अपने साथ निदेशालय ले गई। इस पर निदेशक डॉ. अजय आर्य ने बताया कि इसमें संलिप्त सभी लोगों को बुलाएगी। उनसे बारी-बारी से पूछताछ की जाएगी। आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।