देहरादून। उत्तराखंड में बारिश का सिलसिला दूसरे दिन भी जारी रहा। दिन भर रुक-रुक कर होती रही बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मैदानी इलाकों में पारा गिरने से जहां उमस और गर्मी से राहत मिली वहीं पर्वतीय इलाकों में ठंड का अहसास हुआ। उधर मौसम वैज्ञानिकों ने शनिवार को भी पर्वतीय जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
आंकड़ों पर नजर डालें तो शुक्रवार को दून का अधिकतम तापमान चार डिग्री गिरावट के साथ 26.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं, रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से एक डिग्री कमी के साथ 22.6 डिग्री दर्ज किया गया। पर्वतीय इलाकों में यह अंतर ज्यादा रहा। तड़के सुबह शुरू हुई बारिश का सिलसिला शाम करीब चार बजे तक जारी रहा। अकेले दून में सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक 1.8 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। जबकि मसूरी में 17.0 और लक्सर में 47.5 एमएम बारिश दर्ज की गई। मैदानी इलाकों में तेज दौर की बारिश होने के चलते कई जगहों पर जलभराव भी देखने को मिला।