कालसी। जनजातीय क्षेत्र जौनसार बावर में नशीले मादक पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने की मांग पर भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने एसडीएम कालसी को ज्ञापन सौंपा।
भाजयुमा के जिला उपाध्यक्ष संजय तोमर के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कार्यकर्ताओं ने कहा कि वर्तमान में कालसी बाजार, कालसी गेट, हरिपुर, व्यास नहरी, साहिया बाजार, पोखरी और चकराता समेत क्षेत्र के विभिन्न गांव में मादक पदार्थों की बिक्री का कारोबार बड़े पैमाने पर चल रहा है। युवा पीढ़ी नशे के दलदल में धंसती जा रही है। इससे न सिर्फ उनका भविष्य बर्बाद हो रहा है बल्कि परिवार भी बर्बाद हो रहे हैं। नशे के खिलाफ पुलिस और राजस्व पुलिस की कार्रवाई महज खानापूर्ति के लिए होती है। उन्होंने मादक पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की।
एसडीएम डॉ. अपूर्वा सिंह ने कहा कि मामले में पुलिस और तहसील कर्मियों की बैठक लेकर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।
ज्ञापन सौंपने वालों में भाजपा युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष संजय तोमर, दाताराम शर्मा, प्रदीप तोमर, अजय चौहान, गोहर मेहंदी, शुभम राजगुरु, बंटी, संदीप तोमर, दिनेश शर्मा, मातवर सिंह, खड़क सिंह, प्रदीप वर्मा, मनोज, अंकित, संदीप, अर्जुन, अमन, रवि, शुभम, मजहर खान, समीर अली आदि शामिल रहे।