महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कालेज के खिलाड़ियों के लिए शनिवार का दिन यादगार रहा। भारतीय हॉकी टीम के पूर्व गोलकीपर मीर रंजन नेगी ने खिलाड़ियों को खेल की बारीकियां बताई। उन्होंने गोलकीपर को बेहतर बनने के लिए विशेष टिप्स दिए।
उत्तराखंड में छुट्टियां बिताकर मुंबई लौटने से पहले शनिवार सुबह करीब 9 बजे मीर रंजन नेगी अपनी पत्नी के साथ रायपुर स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कालेज पहुंचे। कालेज के प्रधानाचार्य मनोज कुमार शर्मा ने उनका स्वागत किया। किट पहनकर पहुंचे मीर रंजन नेगी ने इसके बाद हॉकी मैदान का रूख कर खिलाड़ियों से परिचय लिया।
खिलाड़ियों को बताए गुर
करीब 5 मिनट तक खिलाड़ियों को अपने बारे में बताया और कहा कि मेहनत से ही आगे बढ़ सकते हैं, इसका कोई शॉर्ट कट नहीं है। करीब 25 मिनट तक खिलाड़ियों के साथ स्ट्रेचिंग, रनिंग कराने के बाद उन्होंने मैच के दौरान ड्रिबलिंग, पैरों और स्टिक के मूवमेंट के बारे में छोटी-छोटी जानकारियां दीं। खिलाड़ियों को स्किल, स्पीड ,बाल के साथ हिट करने, रनिंग और रोकने के बारे में बताया। मीर रंजन ने इसके बाद गोलपोस्ट का रूख किया।
कालेज के तीन गोलकीपरों को उन्होंने पेनाल्टी स्ट्रोक के समय मूवमेंट, ड्राइव, फुटवर्क के बारे में प्रैक्टिकल करके बताया। इसके बाद खुद हॉकी स्टिक थामकर गोलकीपर को अभ्यास कराया। इस दौरान साई बंगलुरू सेंटर के हॉकी कोच वासु थपलियाल सहित कालेज के अन्य कोच भी मौजूद थे।
मुंबई आने का निमंत्रण
मीर रंजन नेगी ने स्पोर्ट्स कालेज की टीम को मुंबई आने का निमंत्रण दिया है। उन्होंने कालेज के प्रधानाचार्य से कहा कि खिलाड़ियों रहने और खाने-पीने का सारा इंतजाम उनकी एकेडमी करेगी। उन्होंने कहा कि यहां के खिलाड़ियों का स्टेमिना बहुत अच्छा है, जरूरत है तो उनको आगे बढ़ाने की। यहां की टीम को मुंबई की लीग टीमों के साथ खिलाड़ियों का मैच कराए जाएंगे और इससे खिलाड़ियों को एक्सपोजर मिलेगा।