सहसपुर थाने में प्रतिबंधित और नशीली दवाओं के साथ गिरफ्तार मेडिकल संचालक।
- फोटो : VIKAS NAGAR
सहसपुर पुलिस ने प्रतिबंधित और नशीली दवाओं के साथ एक मेडिकल संचालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आयुष विभाग के मदद से मेडिकल स्टोर को सीज कर नशीली दवाओं को कब्जे में ले लिया। पुलिस का दावा है कि आरोपी दून में आईएसबीटी स्थित एक स्टोर से दवा खरीदता था।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह पुलिस थानाध्यक्ष पीडी भट्ट के नेतृत्व में गश्त पर थी। सेलाकुई में बैलून होटल के पास जमनपुर गली के पास पुलिस को एक संदिग्ध युवक आता नजर आया। उसके हाथ में दो पॉलिथीन थी। पुलिस ने युवक को रोक कर उसकी तलाशी ली तो पॉलिथीन से भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं बरामद हुई। आरोपी दवाओं से संबंधित कोई बिल और लाइसेंस नहीं दिखा सका। जिस पर पुलिस उसे सेलाकुई चौकी ले आई। जहां आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह सेलाकुई मेन बाजार में बैलून होटल के पास लाइफ मेडिकोज स्टोर संचालित करता है। यहां से वह क्षेत्र में पढ़ने वाले बच्चों और मजदूरों को नशीली दवाएं सप्लाई करता है। जिस पर पुलिस ने ड्रग इंस्पेक्टर नरेश कुमार के साथ मिलकर मेडिकल स्टोर की तलाशी ली। जहां से भारी मात्रा में अवैध दवाइयां बरामद हुई। जिस पर टीम ने दुकान को सील कर दिया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट मेेें मुकदमा दर्ज किया गया है।
थानाध्यक्ष पीडी भट्ट ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह आईएसबीटी देहरादून के पास स्थित एक मेडिकोज के यहां से दवाई खरीदता है। ऐसे में जल्द ही संबंधित मेडिकोज की भी तलाशी ली जाएगी। आरोपी के पास से 3030 नशीली टेबलेट, 410 कैप्सूल और चार पेटी अवैध दवाईयां बरामद हुई हैं। पुलिस टीम में एसआई पंकज कुमार, कॉस्टेबल दीपक चौहान, युवराज सिंह, नवीन कोहली शामिल रहे।