एमडीडीए के आईएसबीटी स्थित हाउसिंग प्रोजेक्ट में बुकिंग कराने वाले ग्राहकों को मार्च से अपने फ्लैट में रहने का मौका मिलेगा। प्रोजेक्ट में निर्माण कार्य पूरा हो गया है। प्राधिकरण पुरानी कीमतों पर ही पार्क, बैडमिंटन कोर्ट और वॉकिंग वे भी विकसित करेगा।
हो रहा फिनिशिंग का कामम
एमडीडीए उपाध्यक्ष आर मीनाक्षी सुंदरम ने बताया कि एमडीडीए ने फरवरी 2014 में आईएसबीटी के पास मध्य आय वर्ग (एमआईजी), इकोनॉमिकल वीकर सेक्शन (इडब्ल्यूएस) और लोअर इनकम ग्रुप (एलआईजी) के 560 फ्लैट के हाउसिंग प्रोजेक्ट का निर्माण शुरू किया था। करीब दो वर्ष में प्राधिकरण ने प्रोजेक्ट पूरा करने में सफलता हासिल की है।
साइट पर इन दिनों फाइनल फिनिशिंग का काम चल रहा है। ग्राहकों को प्रोजेक्ट की फाइनल किस्त जमा करने के लिए 29 फरवरी तक का समय दिया गया है।
मार्च के पहले सप्ताह में कब्जा
प्राधिकरण सचिव पीसी दुमका ने बताया कि फाइनल पेमेंट करने वाले ग्राहकों को मार्च पहले हफ्ते से फ्लैट पर कब्जा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जनहित को देखते हुए प्राधिकरण ग्राहकों को बुकिंग रेट पर ही फ्लैट उपलब्ध कराएगा। पिछले दो वर्षों में लागत में हुई बढ़ोत्तरी का भार एमडीडीए खुद ही वहन करेगा।
प्रोजेक्ट में करीब 95 लाख की लागत से पार्क, बैडमिंटन कोर्ट, वॉक वे भी विकसित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस सुविधा की ग्राहकों से कोई अतिरिक्त कीमत नहीं वसूली जाएगी।