क्लेमेंटटाउन थाना क्षेत्र के एक चाय सुट्टा बार में बैठे युवक पर अचानक पहुंचे कुछ नकाबपोशों ने हमला कर दिया। इस घटना का वीडियो तेजी से इंटरनेट पर वायरल हो रहा है। बीते एक महीने में दून में इस तरह की मारपीट की कई घटनाएं सामने आई हैं। पुलिस ने शनिवार को प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
श्रीनगर गढवाल के रहने वाले हिमांशु नेही ने क्लेमेंटटाउन थाना में शिकायत देकर बताया कि 25 फरवरी को रात करीब 9:54 बजे वह चाय सुट्टा बार की सीढि़यों के पास बैठे थे। उसी दौरान सक्षम, साहिल के साथ आए अन्य लड़कों ने उस पर अचानक हमला कर दिया। मारपीट करते हुए सीढि़यों से खींचकर सड़क में गिरा दिया। हंगामा होता देख मौके पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। इसके बाद आरोपी धमकी देते हुए भाग गए। क्लेमेंटटाउन थाना प्रभारी मोहन सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।