नगालैंड में नक्सली हमले में शहीद हुए कुमाऊं के सपूत योगेश परगाईं उर्फ यश का पार्थिव शरीर शनिवार सुबह पहुंचेगा। 4 कुमाऊं रेजीमेंट के जवान योगेश परगाईं (22) नगालैंड के जखामा में तैनात थे।
परिजनों के मुताबिक वह बुधवार की रात को टीम के साथ गश्तकर लौट रहे थे। इस बीच, नक्सलियों ने हमला कर दिया और फायरिंग में एक गोली योगेश के सीने में लगने से उनकी मौत हो गई। इधर भाई मुकेश परगाईं ने बताया कि योगेश का पार्थिव शरीर विमान से दिल्ली पहुंच गया है। शनिवार सुबह तक पार्थिव शरीर बिठौरिया स्थित उनके आवास पहुंच जाएगा।
योगेश की शहादत की खबर सुनते ही रिश्ते नातेदार, परिचित, ग्रामीण घर पर जुटने शुरू हो गए हैं। विधायक राम सिंह कैड़ा योगेश के घर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। पूर्व विधायक दान सिंह भंडारी भी पहुंचे और शोक जताया।