महाराष्ट्र के नासिक जिले की एक विवाहिता पति को छोड़ अपने फेसबुक प्रेमी के साथ भाग गई।
महाराष्ट्र से आई पुलिस ने उत्तराखंड में चंपावत के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) के सहयोग से महिला को चंपावत से पकड़ा जबकि प्रेमी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका।
महिला को नासिक में मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जाएगा। महाराष्ट्र पुलिस की टीम अपने साथ नेहा के ससुराली और मायके वालों को भी लाई थी।
महाराष्ट्र से आई पुलिस टीम की निरीक्षक सारिका अहिरावत ने बताया कि नेहा (20) पत्नी सचिन जैन निवासी नासिक के परिजनों ने 12 जुलाई को थाना सरकारबाड़ा में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। मोबाइल फोन की लोकेशन चंपावत में मिली।
फेसबुक पर चैटिंग से हुई दोस्ती
पूछताछ में नेहा ने पुलिस को बताया पांच साल पहले फेसबुक पर चैटिंग के दौरान उसकी दोस्ती हैदराबाद में काम करने वाले चमदेवल निवासी देव सिंह धौनी से हुई। अब देव सिंह दिल्ली की प्राइवेट कंपनी में काम करता है।
यह दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदली, लेकिन 2013 में नेहा की शादी नासिक के सचिन जैन से हो गई। शादी के बाद भी उनका संपर्क बना रहा। 12 जुलाई को नेहा घर से गायब हो गई। पुलिस ने मोबाइल सर्विलांस में लगाया, तो उसकी लोकेशन चंपावत में मिली। दो दिन पहले महाराष्ट्र के सरकारबाड़ा थाने की पुलिस चंपावत आई।
यहां एसओजी प्रभारी राजेश पांडेय की अगुवाई वाली टीम की मदद से पुलिस ने मंगलवार को नेहा को बरामद किया, जबकि दूसरे वाहन में सवार प्रेमी देव सिंह भाग गया।
बताया गया कि प्रेमी-प्रेमिका कोर्ट मैरिज के लिए अदालत जा रहे थे। पुलिस के मुताबिक नेहा प्रेमी के साथ ही जाने की जिद कर रही है। महाराष्ट्र पुलिस ने नेहा को अपने साथ ले गई। जहां उसे मजिस्ट्रेट के सम्मुख पेश किया जाएगा।