सड़कों पर बारात से जाम लगाकर आम लोगों को परेशान करने वाले मान नहीं रहे। पुलिस की कार्रवाई का भी इन पर खास असर पड़ता नहीं दिख रहा है। बुधवार रात भी कई जगह बारातों से जाम लगा। वेडिंग प्वाइंट के बाहर भी पार्किंग की व्यवस्था न होने से गाड़ियां सड़कों पर जाम बढ़ाती रही।
एसएसपी केवल खुराना ने अब वेडिंग प्वाइंट संचालकों के साथ ही संबंधित थाना-चौकी प्रभारियों पर भी कार्रवाई की चेतावनी दी है। इसके लिए विभिन्न जगह लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। बिना अनुमति और तय समय से देर तक सड़कों पर बेतरतीब ढंग से बारात निकालकर शहरवासियों के सुकून में खलल डालने का मामला अमर उजाला ने मंगलवार के अंक में प्रमुखता से प्रकशित किया।
इसमें पुलिस के मूकदर्शक होने की बात भी उठायी। मंगलवार को पुलिस पर इसका असर भी हुआ और चार वेडिंग प्वाइंट को पुलिस एक्ट में चालान भेजे गए। जाम की वजह बन रहे वाहनों का चालान और सीज की कार्रवाई भी हुई। लेकिन कई वेडिंग प्वाइंट संचालक और बाराती लोगों को जाम से परेशान करने से बाज नहीं आने चाहते। बुधवार को साये कम होने के बावजूद कई जगह जाम की स्थिति रही।
गुरु रोड पर मनभावन वेडिंग प्वाइंट के बाहर साढ़े नौ बजे, जीएमएस रोड स्थित कमला पैलेस पर पौने दस बजे लोग जाम में फंसे रहे। इसके अलावा ईसी रोड, राजपुर रोड, बल्लीवाला चौक, प्रेमनगर में भी बाराती वाहनों से जाम लगा।
पुलिस रही नदारद
सड़क पर बारात निकलने के दौरान व्यवस्था बनाने का जिम्मा पुलिसकर्मियों का है। जिन बारातियों द्वारा अनुमति ली हो उनसे पुलिस क्षेत्र के हिसाब से एक या दो कांस्टेबल का एक दिन का वेतन भी वसूलती है। लेकिन बुधवार को पुलिस इन स्थानों पर नदारद रही।