- कटलरी, बाउल-कप सेट, बेडशीट और आकर्षक गिफ्ट हैंपर की खरीदारी-बजट के अनुसार मिल रहे उपहारों के विकल्प
संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर। दीपावली को लेकर बाजार में उपहारों की दुकानों पर रौनक बढ़ गई है। विभिन्न कंपनियों के गिफ्ट पैक, पैक्ड मिठाइयां, ड्राई फ्रूट बॉक्स और आकर्षक उपहार ग्राहकों को लुभा रहे हैं। कटलरी सेट, बाउल सेट, कप सेट, बेडशीट और सजावटी सामान भी उपहारों की खरीदारी के लिए उपलब्ध हैं। रिश्तेदारों, परिचितों और कर्मचारियों को उपहार देने के लिए बजट के अनुसार बाजार में कई विकल्प मौजूद हैं।
स्थानीय व्यापारी गुरमीत सिंह ने बताया कि बाजार में 99 रुपये से लेकर 2500 रुपये तक के गिफ्ट पैक उपलब्ध हैं। इनमें बिस्किट, मिठाइयां, ड्राई फ्रूट समेत खाने-पीने की विभिन्न वस्तुएं शामिल हैं। दुकानों पर दो के साथ एक फ्री और एमआरपी पर 50 प्रतिशत तक की छूट जैसे ऑफर्स भी ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं। लोग बड़ी संख्या में गिफ्ट पैक खरीद रहे हैं।
स्थानीय व्यापारी अजय नागवाल ने बताया कि दिपावली के लिए विभिन्न कंपनियों के आकर्षक गिफ्ट पैक बाजार में उपलब्ध हैं। इनमें चिप्स, बिस्किट, चॉकलेट और अन्य खाद्य सामग्री शामिल हैं। इसके अलावा बाउल सेट, बेडशीट, सजावटी सामान और घरेलू उपयोग की वस्तुएं भी उपहार के रूप में खरीदी जा रही हैं। ग्राहकों को अलग-अलग डिजाइन और कीमतों के गिफ्ट हैंपर पसंद आ रहे हैं। पारंपरिक मिठाइयों की दुकानों पर भी खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है।