फिल्म अभिनेता एवं भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने सोमवार की दोपहर श्री दक्षिण काली मंदिर पहुंचकर माता के दर्शन किए। उन्होंने पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद ब्रहमचारी महाराज से आशीर्वाद लिया। मनोज तिवारी ने कहा कि माई के दर्शन और स्वामी कैलाशानंद महाराज के दर्शन के बिना उनकी हरिद्वार यात्रा पूरी ही नहीं होती है।
मनोज तिवारी रविवार की रात हरिद्वार पहुंचे थे। रात को उन्होंने पंतद्वीप मैदान में आयोजित ब्रहम्ऋषि श्री कुमार स्वामी के समागम में हिस्सा लिया। दिन में करीब साढ़े 11 बजे मनोज तिवारी काली मंदिर पहुंचे।
यहां पर उन्होंने पहले काली माता के दर्शन किए और फिर पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद ब्रहमचारी महाराज से आशीर्वाद लिया।
बताया अपनी सफलता का मंत्र
पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि वह हरिद्वार किसी भी काम से आएं और कितनी भी जल्दी में क्यों नहीं हों लेकिन जब तक काली मंदिर आकर माता के दर्शन नहीं कर लेते और महाराज श्री से आशीर्वाद नहीं ले लेते उनकी यात्रा पूरी नहीं होती।
अभिनेता से नेता बनने से पहले वह काली मंदिर आए थे। चुनाव लड़ने से पहले माता और महाराज का आशीर्वाद लेकर गए थे। इनके आशीर्वाद का ही फल है कि वह चुनाव जीतकर अभिनेता के साथ-साथ नेता भी बन गए।
उन्होंने कहा कि स्वामी कैलाशानंद ब्रहमचारी हमेशा आम आदमी की सेवा करने का मंत्र उन्हें देते हैं। यही मंत्र उनके काम आता है। इस अवसर पर विनीत कुमार जौली, अनुज शर्मा, दलबीर सिंह, प्रमोद पांडे, शिवकुमार, शोभित शर्मा, लक्खी यादव, विवेक पांडे आदि मौजूद रहे।