बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ साइकिल रैली के समापन कार्यक्रम में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका गांधी ने कहा कि कोख में बेटी को मारने की कुप्रथा मोदी सरकार के प्रयासों से खत्म हो रही है।
केंद्र सरकार ने लोगों की सोच बदली है। उन्होंने कहा कि देश के प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र और केंद्र में कार्यरत कार्यकत्री के घर में शौचालय का निर्माण सुनिश्चित किया जाएगा। इस मौके पर साइकिल यात्रा में शामिल होने पर अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट खिलाड़ी एकता बिष्ट और मिस उत्तराखंड नेहा राज को सम्मानित किया गया।
हरकी पैड़ी के पास पंतद्वीप पार्किंग में साइकिल रैली के समापन कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी ने लिंगानुपात सुधारने के लिए लोगों का आह्वान किया। केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी ने कहा कि आज भी लोगों को बेटी पैदा होने पर दहेज की चिंता और स्कूल जाए तो छेड़छाड़ की चिंता होने लगती है।
लोगों की यह सोच है कि नौकरी तो करानी नहीं फिर क्यों पढ़ाएं। इसलिए बेटी को जन्म देने से हिचकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से अब लोगों की सोच बदली है।
100 जिलों में से चंपावत रहा अव्वल
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री के निर्देश पर प्रथम चरण में 100 जनपदों के लिंगानुपात सुधारने को चुना गया। तब इन जनपदों में एक हजार बेटों पर 830 बेटियां थी। एक साल बाद 62 जनपदों में 830 से बढ़कर 930 हो गया। जिसमें उत्तराखंड का चंपावत जिला भी शामिल है।
जिसमें यह लिंगानुपात बढ़कर 930 हो गया। उन्होंने कहा कि अब 161 जनपदों को चुना गया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने रास्ता दिखाया है इससे पूरे देश में लिंगानुपात के आंकड़े बदलेंगे।
उन्होंने ओडीएफ मुक्त देश का नारा देते हुए कहा कि जिन आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के घर में शौचालय नहीं है, जिला प्रशासन के सहयोग से उनके घर में अक्तूबर तक शौचालय बनाए जाएंगे।
शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी के प्रयास से देश में लिंगानुपात का अंतर कम हुआ है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी जयंती पर पूरे देश में संकल्प कराया जाएगा।
कार्यक्रम के साथ योजनाओं की सराहना की
प्रदेश की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास राज्यमंत्री रेखा आर्य ने कहा कि इस रैली का मकसद कन्या भ्रूण हत्या के खिलाफ लोगों को जागरूक करना है। उन्होंने देहरादून और हरिद्वार जैसे जनपदों में लिंगानुपात कम होने पर चिंता जताई।
उन्होंने कहा कि बेटियों को बचाने और पढ़ाने के लिए साइकिल यात्रा निकाली गई। कार्यक्रम में 60 छात्राओं को साइकिल वितरित की गई। नरेश चौधरी के संचालन में चले कार्यक्रम में जिलाधिकारी दीपक रावत, विभाग की अपर सचिव विम्मी सचदेवा रमण, विधायक आदेश चौहान, मेयर मनोज गर्ग, भाजपा जिलाध्यक्ष जयपाल सिंह चौहान, भाजयुुमो प्रदेश अध्यक्ष कुंदन सिंह लटवाल, जिलाध्यक्ष हरजीत सिंह आदि मौजूद थे।
अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट खिलाड़ी एकता बिष्ट एवं मिस उत्तराखंड नेहाराज ने बेटी बचाओ और बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने महिला क्रिकेट को प्रदेश में बढ़ावा देने के साथ खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए योजनाओं की सराहना की। नेहाराज ने कहा समाज में जागरूकता लाने से बेटी बचाने की मुहिम से बेटियों के जीवन बचाने के साथ बेटियों को आगे बढ़ाने का भी जज्बा लोगों में देखने को मिल रहा है।