लैंसडौन तहसील के लंगूर पल्ला-तीन पटवारी सर्किल के एक गांव में 10 साल की बच्ची के साथ अश्लील हरकत और दुराचार के प्रयास का मामला प्रकाश में आया है।
पीड़ित बच्ची के परिजनों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट और आईपीसी की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। नायब तहसीलदार की अगुवाई में राजस्व पुलिस की टीम ने गांव में दबिश दी, लेकिन आरोपी तब तक फरार हो गया।
पीड़ित बच्ची के पिता की ओर से गांव के एक अधेड़ के खिलाफ तहरीर दी है। तहरीर में बताया गया कि घटना 21 अगस्त के दिन की है। आरोपी ने बच्ची को अखबार लाने के बहाने घर में बुलाया। इस दौरान उसने बच्ची के साथ अश्लील हरकतें कीं और दुराचार का प्रयास किया। बताया कि घटना के वक्त बच्ची की मां गोशाला में गई हुई थी।
उसकी नियत भांपकर बच्ची किसी तरह उसके चंगुल से छूटकर घर पहुंची। उसने रोते हुए सारा घटनाक्रम मां को बताया। नायब तहसीलदार कुलदीप सिंह रावत ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 376, 511 और 9/30 पोक्सो एक्ट में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है। बच्ची का मेडिकल कराने के निर्देश दिए गए हैं। राजस्व पुलिस की टीम आरोपी की तलाश में कई जगह दबिश दे रही है।