गुमानीवाला में शहीद के बोर्ड पर मिट्टी और कीचड़ पोतने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में उसने राजनीतिक द्वेष के चलते इस घटना को अंजाम देने की बात कही है।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक बीते 16 सितंबर की रात को अज्ञात ने गुमानीवाला मार्ग पर लगे शहीद विकास गुरुंग के बोर्ड पर कीचड़ और मिट्टी पोत दी थी, जिसके बाद शहीद के पिता रमेश गुरुंग ने तहरीर देकर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
कोतवाल रितेश शाह ने बताया कि अज्ञात आरोपी की पहचान के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने गांव में लगभग 65 ग्रामीणों से पूछताछ की। काफी जद्दोजहद के बाद आरोपी की पहचान हरी सिंह पुत्र श्याम सिंह निवासी गुमानीवाला, ऋषिकेश के रूप में हुई।
शुक्रवार सुबह मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने आरोपी को हरिद्वार बाईपास मार्ग स्थित मनसा देवी तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने नशे में स्थानीय जनप्रतिनिधि से द्वेष के चलते घटना को अंजाम दिया। आरोपी पर लोक संपत्ति नुकसान, निवारण अधिनियम आदि की धाराएं लगाई गई हैं।