मधुगंगा को पार करते समय एक युवक का पांव फिसलने से नदी में बह गया। क्षेत्रीय ग्रामीणों ने मृतक के छोटे भाई बहनों के भरण पोषण के लिए तहसील प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।
घटनाक्रम के अनुसार सोमवार देर सांय लगभग सात बजे बेडूला निवासी अरविंद पुत्र स्व. मोहन सिंह (25) ऊखीमठ से पैदल अपने घर की ओर जा रहा था। पैदल मार्ग के मध्य में पडने वाला निवासिनी झूला पुल के समीप मधुगंगा को पार करते समय अचानक उसका पैर फिसलने से वह बह गया।
ग्रामीणों ने इसकी सूचना थाना गुप्तकाशी को दी। मृतक अपने परिवार का मुखिया था। माता-पिता की मौत के बाद अपने छोटे भाई बहन के भरण पोषण की जिम्मेदारी उसके ही कंधो पर थी।
इस संबंध में ग्राम प्रधान नरोत्तम राणा व अन्य ग्रामीणों ने तहसील मुख्यालय पहुंचकर एसडीएम से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने अरविंद के परिवार की स्थिति को देखते हुए उचित मुआवजा देने की मांग की है।