विकासनगर। सहसपुर कोतवाली क्षेत्र में 17 वर्षीय छात्रा को बहला-फुसलाकर घर से ले जाने, उसके साथ छेड़छाड़ करने और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने सोमवार रात को एक युवक को गिरफ्तार किया है। कोतवाली प्रभारी मनोज नौटियाल ने बताया कि क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने 28 सितंबर को पुलिस को तहरीर दी थी। आरोप लगाया कि मोहल्ले में रहने वाला युवक उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर घर से ले गया और उसके साथ छेड़छाड़ की। आरोपी ने घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने, धमकी देने, छेड़छाड़ और पॉक्सो अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने साक्ष्य जुटाए। इसके आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।