कोतवाली क्षेत्र के हरबर्टपुर (आसनबाग-रामबाग) स्थित शिव मंदिर का दानपात्र तोड़कर नकदी चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस ने सहसपुर के बैरागीवाला गांव निवासी आरोपी अरशद को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी किए गए 7,990 रुपये बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने स्मैक के नशे की लत पूरी करने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया था।
कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि मंदिर समिति के अध्यक्ष सुमेर चंद वर्मा की शिकायत पर 30 जुलाई को अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। शिकायत में बताया गया था कि 27 जुलाई की रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने मंदिर में घुसकर दानपात्र का ताला तोड़ दिया और उसमें रखी नकदी चोरी कर ली। मामले के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और लोगों से पूछताछ की। बृहस्पतिवार रात करीब 1:55 बजे कैनाल रोड क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी करने की बात स्वीकार की है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।